Category: News

  • अधिकारी शिकायतकर्ता के फोन जरूरी उठाएं: एसडीएम

    अधिकारी शिकायतकर्ता के फोन जरूरी उठाएं: एसडीएम

    भिवानी, 04 मई।   डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में एसडीएम महेश कुमार की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन हुआ। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत कर्त्ता के फोन जरूरी उठाएं और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान करें।  


    समाधान शिविर में संजय शर्मा की पेयजल समस्या की शिकायत पर एसडीएम महेश कुमार ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जब तक स्थायी रूप से पानी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो जाती, तब तक प्रभावित क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आमजन की हर समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जाए, किसी भी समस्या को लंबित न रखा जाए। समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं के फोन जरूर उठाएं।


    एसडीएम के समक्ष पूर्व पार्षद ईश्वर मान सिंह ने दिशा सूचक बोर्ड पर सही सामग्री के उपयोग करवाने व मुख्य चौकों पर व्यापारियों के प्रचार-प्रसार पर पाबंदी लगवाने, संजय शर्मा ने हालू बाजार में व सुरेश सैनी ने दादरी गेट से ढ़ाणा रोड़ पर पेयजल समस्या, सत्यपाल ने धोखाधड़ी कर जमीन बेचने पर पुलिस कार्रवाई, नंदगांव निवासी रामनिवास ने सोलर सिस्टम का कार्य पूरा करवाने, देवेंद्र ने खेत के रास्ते पर अवैध कब्जा हटवाने, हालुवास गेट क्षेत्र कॉलोनी से पवन गौतम ने बंदरों के आतंक निजात दिलवाने, जोगेन्द्र बडेसरा ने बिजली बिल से संबंधित समस्या रखी।  


    इसी प्रकार से बीर सिंह ने जैन चौक क्षेत्र से बारिश के पानी की निकासी करवाने, वनिता ने प्रॉपर्टी से संबंधित, हवासिंह ने खेत का रास्ता दिलवाने, कमला ने प्रॉपर्टी आईडी में प्लॉट की लोकेशन ठीक करवाने, सुशीला देवी ने जमीन का इंतकाल करवाने, विजय कुमार ने ठप सीवरेज को खुलवाने और नालों को ढकवाने, मुरारीलाल ने किसान क्रेडिट कार्ड में जमीन के गलत रिकॉर्ड को दुरूस्त करवाने, अलखपुरा निवासी रणवीर सिंह ने नहरी पानी दिलवाने, धिराणा कलां निवासी धर्मेंद्र कौशिक ने अपने प्लॉट से अवैध कब्जा हटवाने व पैमाइश करवाने, रजनी वर्मा ने ग्वार फैक्ट्री में बारिश के पानी की निकासी करवाने, सुभाष चंद ने स्वामित्व रिकॉर्ड के अनुसार मकान की रजिस्ट्री करवाने, प्रवीन कुमार ने खराब ट्रांसफार्मर ठीक करवाने, भगवान दास ने हुड्डा फैक्ट्री क्षेत्र में सीवरेज ब्लॉकेज व पार्क में कचरा उठाने, दिनेश कुमार ने दिव्यांग पेंशन संबंधित, लक्की ने आधार कार्ड में नाम दुरूस्त करवाने, सुभाष, अनिल कुमार गर्ग व जय भगवान ने फैमिली आईडी में आय कम करवाने संबंधी समस्याएं एसडीएम के समक्ष रखी। एसडीएम ने सभी समस्याओं को गौर से सुना और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।


    शिविर में एसडीओ बिजली विभाग से अंकित कुमार, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से एसडीई प्रमिंद्र, मिकाडा से संदीप कुमार, नप एमई सुरेंद्र सांगवान, सिंचाई विभाग के एक्सइन ओम प्रकाश तथा पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एसडीई सुनील कुमार के अलावा गैर सरकारी सदस्य नरेंद्र ग्रेवाल, केके ग्रोवर, ज्ञान चंद गुलाटी और रामकिशन हालुवासिया आदि उपस्थित रहे।

  • ध्यान केंद्रित कर लक्ष्य हासिल करने में बहुत ही सहायक तीरंदाजी:एडीसी

    ध्यान केंद्रित कर लक्ष्य हासिल करने में बहुत ही सहायक तीरंदाजी:एडीसी


    भिवानी, 04 मई।   बॉक्सिंग और कुश्ती में भिवानी जिले का नाम रोशन करने के बाद अब यहां के खिलाड़ी तीरंदाजी में अपने जौहर दिखा सकेंगे, जिसके प्रशिक्षण की सुविधा सोमवार से स्थानीय हांसी गेट स्थित केएम पब्लिक स्कूल में शुरू की गई है। एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने सोमवार को स्कूल परिसर में शिवि तीरंदाजी एकेडमी का शुभारंभ किया। यह एकडेमी इसी स्कूल के विद्यार्थी रहे एवं तीरंदाजी कोच कुलविंद्र व उसके सहयोगी हेमंत व कर्ण द्वारा शुरु की गई है। एडीसी ने कहा कि खेल के साथ-साथ तीरंदाजी लक्ष्य को हासिल करने में बहुत सहायक होती है। इससे ध्यान केंद्रित होता है, जो बहुत जरूरी है। शुभारंभ के अवसर पर ओलंपियन शक्ति सिंह, प्रो. सुरेश कुमार, बस्तीराम, जयवीर सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सारिका पंडित ने किया।

    शुभारंभ के दौरान एडीसी ने तीर से लक्ष्य पर निशाना साधते हुए अपने हाथ आजमाए।

    उन्होंने कहा कि भिवानी का नाम बॉक्सिंग और कुश्ती में विश्व में प्रसिद्घ है। यहां के खिलाडिय़ों ने दुनिया में जिले का नाम रोशन किया है। यह एकडेमी युवाओं को तीरंदाजी में निपुण करेगी, जिससे अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेने को प्रेरित किया।


    इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्या रेनू सैनी ने एडीसी व अन्य मेहमानों का स्वागत किया और स्कूल की गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पूर्व छात्र कुलविंदर व उसके सहयोगियों के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने एडीसी व सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विशेषकर कक्षा नौवीं से बारहवीं के सभी विद्यार्थियों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
    इस दौरान अकादमी प्रभारी कुलविंद्र ने एडीसी को बताया कि यह अकादमी छात्रों में तीरंदाजी का कौशल विकसित करने व अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए शुरु की गई है।

    स्कूल के अलावा बाहरी युवा भी यहां पर प्रशिक्षण ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि केएम पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों व स्कूल स्टाफ के बच्चों के लिए मासिक शुल्क 2000 रुपए, बाहरी छात्रों के लिए मासिक शुल्क 3000 रुपए तथा दिव्यांग खिलाडिय़ों को विशेष छूट दी जाएगी। बाहरी छात्रों के लिए हॉस्टल सुविधा भी रहेगी।

    तीरंदाजी प्रशिक्षण का समय विद्यालय के खेल के मैदान में सुबह और शाम को रखा गया है।

  • 9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, बेंच का किया गठन

    9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, बेंच का किया गठन

    सिरसा, 04 मई।
    राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण व हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से न्यायालय परिसर सिरसा, डबवाली व ऐलनाबाद में आगामी 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा कुल छह बेंच का गठन किया गया। ये बेंचें वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, सिविल, आपराधिक, बिजली से संबंधित मामलों सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा करेंगी।


    जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया ने बताया कि न्यायालय परिसर सिरसा में प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट कृष्ण कांत, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नवजीत क्लेयर, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सह एसीजेएम प्रवेश सिंगला, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) सह जेएमआईसी रिचू, डबवाली में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) सह जेएमआईसी सुमन पटलैन व ऐलनाबाद में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एवं जेएमआईसी प्रतीक सिंह द्वारा लोक अदालत लगाई जाएगी।


    उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत में कोई भी इच्छुक स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से अपने केसों के निपटारे के लिए आवेदन कर सकते हैं। न्यायालय में लंबित मामलों के निपटारे के लिए लोक अदालतों का आयोजन समय-समय पर किया जाता है। लोक अदालतों में दोनों पक्षों की आपसी सहमति से ही लंबित मामलों का निपटारा किया जाता है।

  • नशा मुक्ति अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

    नशा मुक्ति अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

    दिनांक 04.05.2026

    इंडस पब्लिक स्कूल रोहतक में आज दिनांक 04.05.2026 को नशा मुक्ति अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ए.एस.आई. मोहन सिंह की नशा मुक्ति टीम उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना और उन्हें ैंल छव ज्व क्तनहे नशे को ना कहें का संदेश दिया। टीम इंचार्ज ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि नशा केवल शरीर ही नहीं, बल्कि परिवार और राष्ट्र को भी बर्बाद कर देता है। युवा पीढ़ी देश का भविष्य हैं। आप सभी को अपनी ऊर्जा पढ़ाई व खेलों में सही दिशा में लगानी चाहिए न की नशे में। आज छोटे-छोटे बच्चें भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। उन्होंने नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक और आर्थिक हानियों के बारे में बताया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने नशा न करने की शपथ ली।


    सब इंस्पैक्टर श्री अमर सिंह कटारिया, ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने छात्रों को ट्रैफिक संकेतों लाल, पीले, हरी बत्ती का प्रयोग, जेबरा क्राॅसिंग और सुरक्षित सड़क पार करने के नियमों के बारे में विस्तार से छात्रों को बताया। उन्होंने छात्रों को सीट बेल्ट लगाने, हेलमेट पहनने व वाहन चलाते समय मोबाइल फोन कर उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया। ट्रैफिक विशेषज्ञों ने छात्रों को 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन न चलाने के लिए कहा। अंत में, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दीपक कुमार वशिष्ठ ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त कर उपहार देकर सम्मानित किया व छात्रों को नशे से दूर रहने के लिए व ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

    प्रधानाचार्य

  • रोहतक में धारा 163 लागू: सुरक्षा के मद्देनज़र निर्देश जारी :- जिलाधीश सचिन गुप्ता

    रोहतक में धारा 163 लागू: सुरक्षा के मद्देनज़र निर्देश जारी :- जिलाधीश सचिन गुप्ता

    रोहतक, 02 मई :  जिलाधीश सचिन गुप्ता ने सुरक्षा के दृष्टिगत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत जिला में आवश्यक आदेश जारी किए गए हैं।

     सचिन गुप्ता ने प्रदेश के महामहिम राज्यपाल अशीम कुमार घोष के 03 से 04 मई 2026 तक रोहतक दौरे के दौरान जिला में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह आदेश लागू किये गए है। जारी आदेशों के तहत सभी साइबर कैफे, पीजी, गेस्ट हाउस, होटल, कार्यालय एवं मकान मालिकों को अपने यहां आने वाले प्रत्येक आगंतुक/किरायेदार/नौकर का पूरा रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा। संबंधित व्यक्तियों के पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) की फोटो कॉपी सुरक्षित रखना भी अनिवार्य किया गया है।

    जिलाधीश सचिन गुप्ता द्वारा जारी आदेश के तहत ड्रोन, माइक्रो लाइट, एयरक्राफ्ट, ग्लाइडर/पावर ग्लाइडर, हॉट एयर बैलून, पतंगबाजी,  चाइनीज माइक्रो लाइट के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है और इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। आदेशों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  •  हरियाणा की मंडियों में रबी फसल की सफलतापूर्वक खरीद जारी

     हरियाणा की मंडियों में रबी फसल की सफलतापूर्वक खरीद जारी

    चंडीगढ़, 2 मई – हरियाणा राज्य में रबी खरीद सीजन 2026 – 27 के अंतर्गत प्रदेश भर की मंडियों और खरीद केंद्रों में सफलतापूर्वक सरसों और गेहूं की खरीद की जा रही है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष रबी खरीद 2026 – 27 के दौरान 1 मई तक लगभग 83,87,482.40  मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 80,18, 012.95 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है।

    राज्य में रबी खरीद सीजन 2026 – 27 के दौरान सरसों की खरीद 28 मार्च, 2026 एवं गेहूं की खरीद 1 अप्रैल से आरम्भ हुई थी।

    खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा खाद्यान्नों की खरीद प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने हेतु इस बार किये गए नए प्रावधानों जैसे किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन, वाहन का रजिस्ट्रशन नंबर, मंडियों/खरीद केंद्रों की जियो फेंसिंग, कैमरे इत्यादि के ज़रिए मंडियों में कुशलतापूर्वक प्रबंधन किया जा रहा है।

    प्रदेश की मंडियों में अब तक 56,99, 949. 95 मीट्रिक टन गेहूं का उठान किया जा चुका है। इसी तरह मंडियों से अब तक 22,734.10 मीट्रिक टन सरसों का उठान हो चुका है।  

    प्रवक्ता ने बताया कि सरकार द्वारा राज्य की मंडियों और खरीद केंद्रों में किसानों के बायोमेट्रिक सत्यापन हेतु 1281 मशीनें, 407 आँख की पुतली से पहचान (Iris Scanning devices) मशीनें स्थापित की गई हैं। ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पर पंजीकृत किसान स्वयं अथवा उस द्वारा मनोनीत प्रतिनिधियों में से कोई भी एक व्यक्ति, मंडी में आने के उपरांत अपना बायोमेट्रिक सत्यापन करते हुए फसल बेच सकता है।  

    खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए लगभग 2500 और 114 तकनीकी स्टाफ नियुक्त किया गया है। राज्य की मंडियों में लगभग 932 कैमरे स्थापित किये गए हैं जिससे मंडियों की गतिविधियों की निगरानी की जा सकेगी।            

    राज्य सरकार द्वारा खाद्यान्नों की खरीद हेतु पुख्ता प्रबंध किए हुए हैं और राज्य के किसानों को अपनी उपज की बिक्री करने में  परेशानी नहीं आने नहीं दी जाएगी। राज्य सरकार ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से उनका एक – एक दाने की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।  

  • हरियाणा के राज्यपाल ने प्रधानमंत्री से की मुलाकात, राज्य के विकास और भविष्य की शिक्षा पहलों पर हुई चर्चा

    हरियाणा के राज्यपाल ने प्रधानमंत्री से की मुलाकात, राज्य के विकास और भविष्य की शिक्षा पहलों पर हुई चर्चा

    चंडीगढ़, 2 मई — हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की।

    इस दौरान हरियाणा की प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष और राज्यपाल के निजी सचिव श्री शंख चटर्जी भी उपस्थित रहे।

    राज्यपाल ने हरियाणा के समग्र विकास के लिए प्रधानमंत्री के निरंतर समर्थन, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य की प्रगति, चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं और अन्य प्रमुख विकास कार्यों से अवगत कराया। राज्यपाल ने भविष्य उन्मुख विश्वविद्यालय शिक्षा प्रणाली की अवधारणा पर भी चर्चा की जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे उभरते क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

    इस अवसर पर श्री शंख चटर्जी ने राज्यपाल और प्रथम महिला के साथ प्रधानमंत्री को अपनी दो लिखित पुस्तकें भेंट कीं। ये पुस्तकें “अद्वैत वेदांत: एक अनोखा दर्शन” और “सामाजिक दृष्टिकोण में धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र” जिनका हाल ही में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष द्वारा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर सिंह कल्याण की उपस्थिति में विमोचन किया गया था

  • एनडीआरएफ के तत्वावधान में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल का आयोजन

    एनडीआरएफ के तत्वावधान में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में आपदा प्रबंधन पर मॉक ड्रिल का आयोजन

    सिरसा, 02 मई।
    राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के तत्वावधान में शनिवार को स्थानीय डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में फैमिलियराइजेशन एक्सरसाइज कार्यक्रम के तहत “स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम” और आपदा प्रबंधन पर आधारित व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, रेड क्रॉस सोसाइटी, सिविल डिफेंस, होम गार्ड और जिला आपदा प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।


    कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को भूकंप, आगजनी तथा अन्य आपात स्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी और खोज एवं बचाव तकनीकों के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना था। मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम ने भूकंप की काल्पनिक स्थिति बनाकर वास्तविक परिस्थितियों जैसा अभ्यास कराया।

    इस दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ को “ड्रॉप, कवर एंड होल्ड” तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे आपदा के समय अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। साथ ही, भवन से सुरक्षित निकासी, घायलों को प्राथमिक उपचार देना, स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का प्रभावी प्रदर्शन भी किया गया।

    मॉक ड्रिल में आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के उपायों का भी प्रदर्शन किया गया। इसमें अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग और त्वरित बचाव तकनीकों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को आपदा के समय घबराने के बजाय संयम बनाए रखने, अफवाहों से बचने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

    करीब तीन घंटे तक चले इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों और स्टाफ ने सक्रिय रूप से भाग लिया। टीम ने शिक्षाप्रद प्रदर्शनी एवं व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया।

    विद्यालय के प्राचार्य नरेन्द्र सिंह दहिया ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को न केवल आपदा के समय संयम बनाए रखना सिखाती हैं, बल्कि उन्हें जीवन रक्षक कौशल भी प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी सहयोगी टीमों का आभार व्यक्त किया।

    इस अवसर पर उप सिविल सर्जन (डिप्टी सीएमओ) डॉ. अभिजीत गर्ग, एनडीआरएफ टीम कमांडर त्रिलोक सिंह, उप निरीक्षक शशि कुमार सहित 26 कार्मिक तथा आपदा प्रबंधन विभाग के सुरेश कुमार, रितु रानी और रोशन लाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • झींगा पालन से बहु अकबरपुर निवासी मीनाक्षी बनी आत्मनिर्भर

    झींगा पालन से बहु अकबरपुर निवासी मीनाक्षी बनी आत्मनिर्भर

    रोहतक, 02 मई। जिला के गांव बहु अकबरपुर निवासी मीनाक्षी पत्नी यशपाल झींगा पालन से लगभग 8 लाख रुपये प्रति एकड़ की आमदनी प्राप्त कर रही है।

    मत्स्य पालन विभाग से प्रशिक्षण लेकर 2022 में 3 एकड़ भूमि से झींगा पालन करने वाली मीनाक्षी आज 7 एकड़ में झींगा पालन कर लाखों रुपये की आय प्राप्त कर रही है। अब वे अपने पति के साथ मिलकर झींगा पालन को आगे बढ़ा रही है।


    मीनाक्षी ने बताया कि सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया हैं। इस महिला किसान ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की मिशाल पेश की है। स्नातक तक शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत मीनाक्षी की शादी वर्ष 2008 में एक किसान परिवार में हुई। उनके पति निजी नौकरी करते थे।

    मीनाक्षी ने परिवार की जिम्मेदारी संभालने में हाथ बंटाने का निर्णय लिया।


    मीनाक्षी को मत्स्य पालन का विचार 2021 में समाचार पत्र के माध्यम से समाचार पढ़ कर मिला। उस समाचार के माध्यम से यह जानकारी दी गई थी कि जिस जमीन में फसलों की पैदावार कम होती है, ऐसी जमीन में झींगा पालन से लाखों रुपये की आमदनी की जा सकती है। इसके लिए नमकीन पानी की आवश्यकता होती है और यह पानी उनके खेतों में भरपूर मात्रा में उपलब्ध था।  


    महिला किसान मीनाक्षी ने वर्ष 2022 में मत्स्य पालन विभाग से संपर्क कर झींगा पालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके उपरांत उन्होंने वर्ष 2022 में 3 एकड़ से झींगा पालन का कार्य शुरू किया। प्रथम वर्ष झींगा पालन का कार्य देर से शुरू होने पर भी उन्हें अच्छा उत्पादन मिला तथा सरकार से भी 9 लाख रुपये अनुदान राशि प्राप्त हुई।

    इससे प्रेरित होकर उन्होंने झींगा पालन के व्यवसाय को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।


    इसके बाद मीनाक्षी ने वर्ष 2023 में 2 एकड़ और भूमि में झींगा पालन शुरू किया तथा अब उन्होंने व्यवसाय को बढ़ाकर 5 एकड़ तक कर दिया। इस वर्ष लगभग 15 टन झींगा का उत्पादन हुआ तथा बाजार में अच्छे दाम प्राप्त हुये। इसके फलस्वरूप मीनाक्षी को लगभग 8 लाख रुपये प्रति एकड़ बचत हुई। इसके उपरांत उन्होंने 2025 में झींगा पालन के कार्य को बढ़ाकर 7 एकड़ में कर दिया।

    अब मीनाक्षी अपने पति यशपाल के साथ मिलकर झींगा पालन से अच्छी आमदनी प्राप्त कर रही है तथा अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्त्रोत बनी है।

  • आगामी 5 मई को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित होगी ‘सशक्त नारी – सशक्त समाज – सशक्त राष्ट्र’ संगोष्ठी और प्रदर्शनी

    आगामी 5 मई को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित होगी ‘सशक्त नारी – सशक्त समाज – सशक्त राष्ट्र’ संगोष्ठी और प्रदर्शनी

    चंडीगढ़, 2 मई – कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में 5 मई को ‘सशक्त नारी – सशक्त समाज – सशक्त राष्ट्र’ विषय पर एक संगोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इस प्रदर्शनी में देश, प्रदेश और कुरुक्षेत्र की उन महिलाओं की उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा, जिन्होंने देश व समाज के लिए सराहनीय कार्य और उपलब्धियां हासिल की हैं। संगोष्ठी और प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी करेंगे।

    कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सोमनाथ सचदेवा ने आज अधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री केएम पांडुरंग ने 5 मई को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में सशक्त नारी, सशक्त समाज, सशक्त राष्ट्र विश्व पर आयोजित होने वाली संगोष्ठी और प्रदर्शनी में किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा की और फीडबैक रिपोर्ट ली है।

    महानिदेशक श्री केएम पांडुरंग ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ तमाम पुख्ता प्रबंध किए जाएं और समय रहते सभी तैयारियों को पूरा किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उन्होंने अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

    कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और सूचना जनसंपर्क और भाषा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 5 मई को सशक्त नारी सशक्त समाज सशक्त राष्ट्र विषय पर संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दोपहर करीब 12 बजे शुभारंभ करेंगे। उसके बाद संगोष्ठी का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी में लगभग 50 पैनल लगाए जाएंगे। इन पैनल्स पर देश, प्रदेश और कुरुक्षेत्र की उन महिलाओं के चित्र सहित उपलब्धियों को अंकित किया जाएगा। जिन महिलाओं ने समाज के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं।

    उन्होंने कहा कि संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के प्रयासों से विभिन्न गांवों में चलाए जा रहे स्किल सेंटर, सिलाई, कढ़ाई सेंटरों से लगभग 8 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

    इसके अलावा विश्वविद्यालय में चल रहे कला उत्सव में देश भर से पहुंची कलाकारों में से 8 महिला कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। इस संगोष्ठी में सशक्त नारी सशक्त समाज सशक्त राष्ट्र विषय को लेकर विश्वविद्यालय की तरफ से तैयार किए गए सोविनियर का भी विमोचन किया जाएगा।